भोजपुर में STF की बड़ी कार्रवाई, AK-47 समेत भारी हथियार बरामद, दो अभियुक्त गिरफ़्तार
Shahpur News:चुनावी मौसम से पहले बिहार पुलिस ने हथियारबंद साजिश का बड़ा खेल उजागर कर दिया है—AK-47 और जिंदा कारतूसों से भरा जखीरा बरामद, 2 गिरफ़्तार

Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले से शुक्रवार को एक बड़ी खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी. पटना एसटीएफ और शाहपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. इनमें एके-47 राइफल से लेकर पिस्टल और रिवॉल्वर तक शामिल हैं.
इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया गया माना जा रहा है कि यह तस्करी चुनावी माहौल में असामाजिक गतिविधियों को हवा देने के मकसद से की जा रही थी.
शाहपुर में हड़कंप मचाने वाली छापेमारी
पटना एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में हथियारों की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ ने शाहपुर पुलिस के साथ तुरंत छापेमारी की योजना बनाई. शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 3 और 6 में हुई इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने जिस तरह से हथियार बरामद किए, उसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया.
कार्रवाई में पुलिस ने 1 एके-47 राइफल, 1 बंदूक, 2 पिस्टल, 2 देसी कट्टा, 1 रिवॉल्वर और करीब 70 जिंदा कारतूस बरामद किए. इतनी बड़ी मात्रा में हथियार एक ही जगह से मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय है. मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है.

राहत और सतर्कता का मिला-जुला माहौल
इस कार्रवाई के बाद शाहपुर और आसपास के इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है. आम नागरिकों का मानना है कि समय रहते पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी घटना को रोक दिया, वरना हालात बेकाबू हो सकते थे. हालांकि, लोगों के मन में यह सवाल भी है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में हथियार बिहार में कैसे पहुंच जाते हैं और तस्करों को इनकी खपत कहां मिलती है.
बिहार पुलिस और STF की इस संयुक्त कार्रवाई को अब तक की बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है. इससे खुफिया तंत्र की सक्रियता और समय पर कार्रवाई की क्षमता साबित हुई है. सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की दिशा में जुटी हैं ताकि भविष्य में किसी तरह की बड़ी घटना को रोका जा सके.









