मोहसिन नकवी की टीम इंडिया ने की सरेआम बेइज्जती, नहीं ली एशिया कप ट्रॉफी; मंच पर आए तो लगे ये नारे

मोहसिन नकवी की टीम इंडिया ने की सरेआम बेइज्जती, नहीं ली एशिया कप ट्रॉफी; मंच पर आए तो लगे ये नारे

सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने टी20 एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान पर पांच विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। भारत ने दुबई इंटरनशनल क्रिकेट स्टेडियम में 147 रनों का टारगेट दो गेंद बाकी रहते चेज किया और नौवीं बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टीम इंडिया ने खिताब जीतने के बाद मोहसिन नकवी की सरेआम बेइज्जती की। नकवी एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के चीफ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन हैं। वह पाकिस्तान के गृहमंत्री भी हैं। नकवी भारत विरोधी रवैये के लिए जाने जाते हैं। बता दें कि भारत ने बगैर एशिया कप ट्रॉफी के जश्न मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा।

नकवी मंच पर आए तो लगे ये नारे

भारतीय टीम ने एशिया कप में पाकिस्तान की ओर से किसी से भी हाथ नहीं मिलाने और मैदान से इतर कोई बातचीत नहीं करने की नीति अपनाई। पीसीबी को भारत की इस नीति से बहुत मिर्ची लगी थी। फाइनल खत्म होने के 75 मिनट बाद पुरस्कार वितरण समारोह शुरू हुआ, जिसमें न्यूट्रल प्रेजेंटर साइमन डूल ने माइक संभाला। नकवी पुरस्कार वितरण समारोह शुरू होने से पहले एक तरफ खड़े थे और भारतीय खिलाड़ी 15 गज के भीतर खड़े थे। भारतीय खिलाड़ियों ने मोहसिन नकवी के साथ मंच साझा नहीं किया। नकवी के मंच पर आने के बाद भारतीय फैंस ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने शुरू कर दिए थे।

अचानक कोई ट्रॉफी उठाकर ले गया

भारत द्वारा नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार करने के बाद खबर आई कि अमीरात क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के उपाध्यक्ष खली अल जरौनी सूर्या ब्रिगेड को ट्रॉफी सौंपेंगे। हालांकि, बाद में साइमन डूल ने बताया कि भारतीय टीम पुरस्कार वितरण समारोह में ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी। नकवी इंतजार करते रहे और अचानक आयोजकों में से कोई ट्रॉफी ड्रेसिंग रूम के भीतर ले गया। नकवी ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सुपरस्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का वीडियो डाला था, जिसमें वह विमान क्रैश होने का इशारा करते हुए गोल का जश्न मना रहे थे। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने भी भारत के खिलाफ 21 सितंबर को सुपर 4 मैच के दौरान यही भड़काऊ इशारा किया था, जिसकी वजह से उन पर जुर्माना लगाया गया था।