जर्जर दीवार गिरने से दो मासूमों की मौत, खेलते-खेलते हुआ दर्दनाक हादसा
भोजपुर के बिहिया में एक जर्जर बाउंड्रीवाल गिरने से दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जिसमें उनके दादा भी घायल हुए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया।
आरा/बिहियां: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया नगर परिषद के वार्ड संख्या छह में शनिवार की सुबह दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई।
घर के बगल में स्थित जर्जर बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर दोनों बच्चों पर गिर गई। हादसे में बच्चों के दादा भी घायल हो गए।
यह हादसा बिहिया थाना क्षेत्र के धोबिया मोहल्ला, वार्ड नंबर-6 में हुआ. स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चे दीवार के पास खेल रहे थे. तभी अचानक पुरानी और जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई. मलबे में दबने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों और घायल व्यक्ति को बाहर निकाला. सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया. घायल व्यक्ति का इलाज जारी है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
आक्रोशित लोगों ने शव के साथ किया हाईवे जाम , आगजनी
इधर, घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजा एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर डाक-बंगला चौक समीप शव के साथ बिहिया-पीरो स्टेट हाईवे जाम कर दिया है।