बिहार चुनाव के बाद PK को बड़ा झटका, इस बड़े स्टार ने छोड़ा जन सुराज का साथ
Ritesh Pandey Resigned: भोजपुरी गायक रितेश पांडेय ने बिहार चुनाव में असफलता के बाद जन सुराज पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. रितेश पांडेय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर अपने इस्तीफे की जानकारी दी है.
भोजपुरी सिंगर रितेश पांडे ने इस बार के बिहार विधानसभा चुनाव से सियासत में डेब्यू किया था. विधानसभा चुनाव से ठीक पहले चुनाव रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर की अगुवाई वाली जन सुराज पार्टी में शामिल हुए रितेश पांडे ने रोहतास जिले की करगहर सीट से चुनाव लड़ा था. रितेश पांडे का अब जन सुराज पार्टी से मोह भंग हो गया है.
रितेश पांडे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जन सुराज की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे का ऐलान कर दिया है. रितेश पांडे ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि एक जिम्मेदार भारतीय होने के नाते और अधिकार से मैंने जन सुराज पार्टी के साथ जुड़कर लोकतंत्र के महापर्व में भाग लिया.
उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में आगे लिखा कि परिणाम अनुकूल नहीं रहे, लेकिन इसका मुझे तनिक भी अफसोस नहीं है क्योंकि मैंने अपना काम ईमानदारी से किया. रितेश पांडे ने अपनी पोस्ट में राजनीति से संन्यास के संकेत भी दिए. उन्होंने कहा है कि अब उसी काम के माध्यम से आप सभी की सेवा जारी रखनी है, जिससे आप लोगों ने मुझ जैसे एक मामूली किसान परिवार के लड़के को इतना प्यार, दुलार और सम्मान देकर यहां तक पहुंचाया.
रितेश पांडे ने यह भी कहा है कि इसमें किसी राजनीतिक दल का सक्रिय सदस्य रहकर काम करना बहुत मुश्किल है. आज मैं जन सुराज पार्टी की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे रहा हूं. उन्होंने यह भी कहा है कि कम शब्दों में अपनी बात को कहने का प्रयास किया है, उम्मीद है आप लोग समझेंगे.









