बाढ़ राहत घोटाला: जीवित को मृत दिखाने वाले शाहपुर CO पर गिरेगी गाज ।

बाढ़ राहत घोटाला: जीवित को मृत दिखाने वाले शाहपुर CO पर गिरेगी गाज ।

शाहपुर (भोजपुर): शाहपुर प्रखंड के धमवल गांव में बाढ़ राहत वितरण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और 'संपूर्ति पोर्टल' पर जीवित व्यक्तियों को मृत दिखाकर नाम हटाने का गंभीर मामला सामने आया है. जदयू प्रदेश राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य सतीश तिवारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शाहपुर अंचल अधिकारी (CO) पर बिचौलियों से मिलकर आपदा राशि की लूट और आरटीआई कानून के उल्लंघन का आरोप लगाया है.

जदयू नेता ने आरोप लगाया कि पीड़ितों को न तो तिरपाल मिला और न ही सार्वजनिक रसोई चलाई गई, बल्कि रसूखदारों के घरों पर कागजी खानापूर्ति कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार के मुख्य सचिव कार्यालय ने संदर्भ संख्या 6167 के तहत इसे राजस्व विभाग के सचिव को अग्रसारित कर दिया है.

इस दौरान जदयू नेता सतीश तिवारी ने बिहार की देवरूपी जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे अपने माननीय नेता श्री नीतीश कुमार जी के कदमों पर चलेंगे, जिनकी नीति स्पष्ट है—'ना हम किसी को फंसाते हैं, और ना ही किसी (भ्रष्टाचारी) को बचाते हैं।' उन्होंने दोषी सीओ को तुरंत निलंबित करने और पीड़ितों को अविलंब मुआवजा देने की मांग की है.