बिना शादी के मां बनीं मशहूर भोजपुरी गायिका देवी, उठाया आधुनिक चिकित्सा का सहारा

मशहूर भोजपुरी गायिका देवी अविवाहित होते हुए भी मां बन गई हैं। उन्होंने ऋषिकेश के एम्स में एक बच्चे को जन्म दिया। देवी ने आधुनिक चिकित्सा पद्धति की मदद से सिंगल मदर बनने का फैसला लिया जिससे उन्होंने सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ा है। एम्स प्रशासन के अनुसार उन्होंने जर्मनी में स्पर्म बैंक पद्धति से गर्भधारण किया था। बच्चे के जन्म के बाद देवी ने सोशल मीडिया पर खुशी साझा की।

बिना शादी के मां बनीं मशहूर भोजपुरी गायिका देवी, उठाया आधुनिक चिकित्सा का सहारा

भोजपुरी लोक संगीत की मशहूर कलाकार देवी ने अपने जीवन में एक नया अध्याय शुरू किया है। पारंपरिक धारणाओं को चुनौती देते हुए उन्होंने अविवाहित रहकर मातृत्व को अपनाया है। 9 सितंबर को ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल में देवी ने सर्जरी के जरिए एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। फिलहाल मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

देवी ने यह जानकारी खुद सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर दी। उन्होंने लिखा कि मां बनने के बाद उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे दुनिया का सबसे बड़ा सुख मिल गया हो।

देवी के पिता प्रो. प्रमोद कुमार ने बताया कि उनकी बेटी ने जर्मनी में रहते हुए स्पर्म बैंक की मदद से चिकित्सकीय देखरेख में गर्भधारण किया था। परिवार इस फैसले से पहले से ही अवगत था और अब बच्चे के सुरक्षित जन्म पर सभी बेहद खुश हैं। देवी की बहन नीती कुमार ने भी सोशल मीडिया पर बच्चे की तस्वीर साझा कर खुशी जताई।

देवी का यह कदम भारतीय समाज में एक साहसिक मिसाल माना जा रहा है। जहां अविवाहित मातृत्व को लेकर अक्सर सवाल खड़े होते हैं, वहीं देवी ने यह साबित किया है कि मातृत्व स्त्री का व्यक्तिगत अधिकार है और इसे पाने के लिए शादी या रिश्तों पर निर्भर होना ज़रूरी नहीं।

छपरा की रहने वाली देवी अपनी शालीन और भावपूर्ण गायकी के लिए जानी जाती हैं। उनका पहला बड़ा हिट एल्बम ‘बावरिया’ ने ही उन्हें भोजपुरी संगीत की दुनिया में अलग पहचान दिलाई। इसके बाद देवी लगातार देश-विदेश में अपने गीतों और आवाज़ की ताक़त से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करती रही हैं।