बिहार (दरभंगा): गांव के सभी 210 ब्राह्मणों पर SC-ST एक्ट में कर दिया केस, जो वहां नहीं रहते वो भी आरोपी
दरभंगा के हरिनगर गांव में पैसे के लेन-देन और भूमि विवाद के बाद पूरे ब्राह्मण समाज को अभियुक्त बनाए जाने का मामला सामने आया है. एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर से गांव में तनाव का माहौल है.
बिहार के दरभंगा जिले के एक गांव में ब्राह्मण समाज के सभी लोगों पर मुकदमा दर्ज हो गया है. मामला दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर गांव का है. यहां पैसे के लेन-देन और भूमि विवाद में शुरू हुई अदावत एक अजीबोगरीब मुकाम पर पहुंच गई. इस पूरी घटना में एक गांव के पूरे ब्राह्मण समाज को ही अभियुक्त बना दिया गया है.
दरअसल, सिस्टम और कानून को आईना दिखाती इस खबर में सामने आया है कि हरिनगर गांव के निवासी बताए जा रहे अशर्फी पासवान ने करीब 70 ब्राह्मणों को नामजद और लगभग 150 अज्ञात लोगों को अभियुक्त बना दिया है. यानी अशर्फी पासवान ने एक ही बार में पूरे गांव को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है
बताया जा रहा है कि बीती 31 जनवरी की रात एक घटना घटी थी, जब पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हुआ. विवाद इस कदर बढ़ा कि मारपीट हो गई. मारपीट में महिलाओं और एक बच्ची के घायल होने की खबर है. इस घटना के बाद अशर्फी पासवान ने पूरे गांव के ब्राह्मणों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करा दिया.









