अनंत सिंह की शपथ के दौरान माइक बंद: बिना पढ़े शपथ ली, नीतीश के पैर छुकर लिया आशीर्वाद
Bihar News: बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को विधायक पद की शपथ ली। शपथ के दौरान उनका माइक बंद था। सदन के अंदर बिना पढ़े उन्होंने कहा- मैं अनंत सिंह ईश्वर की शपथ लेता हूं कि मैं कानून द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगा। मैं भारत की प्रभुता और अखंडता अक्षुण्ण रखूंगा। मैं बिहार राज्य के विधानसभा के सदस्य के रूप में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करूंगा।
शपथ लेने के बाद अनंत सिंह ने विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार से मुलाकात की। इसके बाद वो CM नीतीश के पास पहुंचे और उनके पैर छुए। इस दौरान CM नीतीश ने अनंत सिंह के तिलक के बारे में पूछा। इसके बाद अनंत सिंह जाकर अपनी सीट पर बैठ गए। करीब 10 मिनट बाद वो विधानसभा से फिर जेल के लिए निकल गए।
विधानसभा से निकलने के दौरान अनंत सिंह ने कहा, ‘मैं न्याय की उम्मीद करता हूं। जांच चल रही है, 100 परसेंट न्याय मिलने की उम्मीद है। विपक्ष अब बोलने लायक नहीं है।
तेजस्वी को अब किसी और पार्टी से टिकट लेकर चुनाव लड़ना होगा।’ नीट छात्रा मामले में अनंत सिंह से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
बेऊर जेल से अनंत सिंह को एंबुलेंस से विधानसभा लाया गया था। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘तबीयत ठीक नहीं होने की वजह से शपथ लेने में देरी हुई।’
जब उनसे पूछा गया कि वो मोकामा की जनता से कब मिलेंगे। इस पर उन्होंने कहा, ‘जब जज साहब चाहेंगे तब ही ना जेल से बाहर आएंगे। मैंने बेल के लिए अप्लाई किया है।’









