नौकरी की तलाश में ईरान गए आरा के युवक की हत्या, 11 महीने बाद वापस आया शव; ड्रग तस्करी से जुड़ा है केस

भोजपुर के गौरव का शव 11 महीने बाद ईरान से वापस लाया गया। युवक की कथित तौर पर ईरान में हत्या कर दी गई थी। विदेश मंत्रालय की मदद से शव को भारत लाया गया। मृतक की मां बेटे का शव देखकर बेसुध हो गई। गौरव को नौकरी का झांसा देकर ईरान ले जाया गया था।

नौकरी की तलाश में ईरान गए आरा के युवक की हत्या, 11 महीने बाद वापस आया शव; ड्रग तस्करी से जुड़ा है केस

20 महीने बाद गौरव पहली बार ईरान से भोजपुर लौटा, लेकिन जिंदा नहीं बल्कि बंद ताबूत में। भोजपुर जिले के सुखरौली गांव में बुधवार को 30 साल के गौरव की लाश आई। पिछले 608 दिनों से बेटे की राह देख रही मां अपने बेटे को ताबूत में देखकर बेहोश हो गई। गौरव के भाई, पिता और बहन ने किसी तरह उन्हें संभाला, जब आंख खुली तो फिर रोने लगी, बोलने लगी, पहिले बोलत रहनी नू कि मत जा कमाए, घरही रहअ। देखअ, अब का बतियाई तहरा से।

गौरव की लाश बुधवार सुबह ईरान से महान एयर की फ्लाइट से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लाया गया। दिल्ली में गौरव के शव को रिसीव करने के बाद उसका भाई सौरव इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से डेडबॉडी के साथ पटना पहुंचा। पटना में कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद फिर एम्बुलेंस से डेडबॉडी को गांव पहुंचाया गया।