डेढ़ लाख रूपए में महिला को बेचा, 5 अरेस्ट

डेढ़ लाख रूपए में महिला को बेचा, 5 अरेस्ट

डेस्कः
सीवान में मानव तस्करी का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने मैरवा थाना क्षेत्र से अपहृत महिला (35) को शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा से बरामद किया है। पुलिस पीड़िता को रविवार को सीवान लेकर पहुंची। इस मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। इन्होंने महिला को डेढ़ लाख रूपए में बेच दिया था।

मैरवा के एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि सिसवा खुर्द गांव निवासी राजेश कुशवाहा की पत्नी अचानक लापता हो गई थी। पति ने 17 फरवरी 2025 को गांव की महिला लीलावती देवी (35) के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।

आरोपी लीलावती देवी ने अन्य 4 आरोपी की दी जानकारी

पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई। टीम ने 3 दिन पहले मैरवा थाना क्षेत्र के बॉर्डर से आरोपी लीलावती देवी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर मथुरा से चार और आरोपियों को पकड़ा गया। 2 महिलाओं को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में पता चला कि लीलावती ने बहला फुसला कर पैसों की लालच में पीड़िता को मथुरा के एक व्यक्ति को डेढ़ लाख रुपए में बेच दिया था। पीड़िता की मथुरा में किसी अन्य व्यक्ति से शादी भी करा दी गई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों की तस्करी की है और इसमें कौन-कौन शामिल हैं।

गिरफ्तार लोगों की पहचान

1. मथुरा जिला के गोवर्धन थाना क्षेत्र के वृज किशोर ठाकुर के बेटे लवकेश ठाकुर(30)
2. देवरिया थाना क्षेत्र के मुन्ना पटेल के बेटे कृपाशंकर(27)
3. मथुरा जिले के जैत थाना क्षेत्र के दीना सिंह के बेटे परतोष ठाकुर(38)
4. आगरा जिला के शाहाबाद थाना क्षेत्र के राजेश चौहान की पत्नी लवली देवी(35)
5. गोरखपुर जिले के चौरी चौरा थाना क्षेत्र के बबलू प्रसाद की पत्नी अनु देवी(30)