बिहार में स्कूलों का टाइम बदला, 6.30 बजे से शुरू होंगे

बिहार में स्कूलों का टाइम बदला, 6.30 बजे से शुरू होंगे

डेस्कः
बिहार के सरकारी स्कूलों का समय बदला गया है। बढ़ती गर्मी के कारण ये फैसला लिया गया है। 7 अप्रैल से 1 जून तक प्रारंभिक और माध्यमिक स्कूल मॉर्निंग शिफ्ट में चलेंगे। सुबह 6.30 से दोपहर 12.30 तक क्लास होगी।
11.40 बजे से 12.20 तक सातवीं घंटी के बाद बच्चों को छुट्टी हो जाएगी। 12.20 बजे से 12.30 तक प्रिंसिपल पढ़ाई की समीक्षा करेंगे। इसी दौरान कार्य योजना और होम वर्क की भी समीक्षा होगी।
अभी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक स्कूल की टाइमिंग है। इस दौरान दोपहर के समय बच्चों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ता था। बढ़ते तापमान को देखते हुए शिक्षा विभाग ने यह फैसला लिया है।
सुबह 7 बजे से शुरू होगी पढ़ाई
माध्यमिक शिक्षा विभाग की तरफ से जारी नए टाइम टेबल के मुताबिक, 6:30 बजे से 7:00 बजे तक प्रार्थना होगी। इसके बाद सुबह सात बजे पढ़ाई शुरू होगी। 7:40 बजे तक पहली पीरियड होगी। दूसरी घंटी 7:40 से 8:20 तक होगी, तीसरी 8:20 से 9:00 बजे तक चलेगी। इसके बाद 9:00 बजे से 9:40 बजे तक लंच ब्रेक का होगा।
9:40 से 10:20 तक चौथी घंटी की पढ़ाई होगी, 10:20 से 11:00 बजे तक पांचवीं, वहीं छठी घंटी 11:00 से 11:40 चलेगी। आखिरी घंटी 11:40 से 12:20 तक होगी।
वहीं 12:20 से 12:30 यानी 10 मिनट का समय हेडमास्टर के स्तर से शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए विषयों की समीक्षा, अगले दिन के लिए कार्य योजना एवं छात्रों को दिए गए गृह कार्य की समीक्षा एवं जांच के लिए होगी। इसके बाद स्कूलों की छुट्टी कर दी जाएगी।
हेडमास्टर करेंगे पढ़ाई की समीक्षा
छात्रों की छुट्टी के बाद 12:20 से 12:30 बजे तक हेडमास्टर (HM) और शिक्षक पूरे दिन की पढ़ाई, कार्य योजना और होमवर्क की समीक्षा करेंगे। इस दौरान शिक्षकों को यह भी देखना होगा कि बच्चों को दिए गए टास्क,होमवर्क और सिलेबस की पढ़ाई ठीक से चल रही है या नहीं। गर्मी की छुट्टियों से पहले बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए यह कदमा उठाया गया है।
40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा
बीते कुछ दिनों से बिहार में गर्मी बढ़ती जा रही है। हाल के दिनों में दक्षिण बिहार (रोहतास, नवादा, जमुई जैसे जिले) में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया था। आने वाले दिनों हीट वेव और लू चलने की आशंका है। इसे देखते हुए शिक्षक संघ और अभिभावक संघ की ओर से स्कूल का समय बदलने की मांग की जा रही थी।
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को दिए निर्देश
बदली टाइमिंग को लेकर सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और स्कूल प्राचार्यों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। शिक्षा विभाग की ओर से गार्जियन से गर्मी को देखते हुए उचित व्यवस्था के साथ बच्चों को समय से स्कूल भेजने को कहा है। उन्हें गर्मी से बचाने के लिए जरूरी उपाय जैसे कि पानी की बोतल देना, हल्के और सूती कपड़े पहनाना और छाता अपनाने को कहा है।