रामगढ़ के स्टील फैक्ट्री में भीषण हादसा, तीन इंजीनियरों की मौत
रामगढ़: बरकाकाना थाना क्षेत्र के हेहल स्थित सीमेंट एंड इस्पात के पावर प्लांट में शनिवार को अचानक ब्लास्ट हो गया. हादसे में प्लांट में कार्यरत तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
स्टील फैक्ट्री में ब्लास्ट
हादसे को लेकर मजदूरों में भारी आक्रोश है और मृतकों के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग की जा रही है. मामले को लेकर बरकाकाना थाना प्रभारी उमाशंकर वर्मा ने बताया कि फैक्ट्री में काम करने के दौरान तीन कार्यरत कर्मियों की मौत हो गई है. जबकि एक गंभीर रूप से घायल है. उनके बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है.
बताया जा रहा है कि अत्यधिक तापमान के कारण पावर प्लांट के सिस्टम पर असर पड़ा. सभी प्रोटेक्शन सिस्टम फेल होने और टर्बाइन के ओवरस्पीड होने के बाद जोरदार ब्लास्ट होने की बात सामने आ रही है. हादसे में जागेश्वर विहार बोकारो के विनीत महतो, धनबाद के संजीव केसरी, और नगर उंटारी गढ़वा के अभिषेक पांडेय की मौत होने की सूचना है. वहीं हजारीबाग के तरुण रवानी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
हादसे के बाद प्लांट में कार्यरत कर्मचारी अमित ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. कर्मचारियों का आरोप है कि पावर प्लांट के कंट्रोल रूम में तापमान लगातार बढ़ रहा था और एसी खराब होने के कारण काम करना मुश्किल हो गया था. कर्मचारियों की ओर से कई बार प्रबंधन और अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई थी. मजदूरों का कहना है कि टेंपरेचर गन से लगातार तापमान की रीडिंग लेकर प्रबंधन को भेजी जाती थी, बावजूद इसके कंट्रोल रूम की कूलिंग व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया.
कर्मचारियों का आरोप है कि यदि समय रहते एसी को ठीक कर दिया जाता और सुरक्षा व्यवस्था को गंभीरता से लिया जाता तो शायद इतना बड़ा हादसा नहीं होता. हादसे के बाद मजदूरों और कर्मचारियों में आक्रोश है. कर्मचारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और घायल कर्मचारी के बेहतर इलाज की मांग की है.








