दो केस में फरार चल रहा दानी यादव गिरफ्तार:तलाशी के दौरान पिस्टल और कारतूस बरामद, 21 मामलों में था नामजद

दो केस में फरार चल रहा दानी यादव गिरफ्तार:तलाशी के दौरान पिस्टल और कारतूस बरामद, 21 मामलों में था नामजद

बिहार भोजपुर जिले के बिहिया थाना पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर दानी यादव को अवैध हथियार समेत धर दबोचा। गिरफ्तारी बिहिया अस्पताल रोड से हो सकी। पकड़ा गया दानी यादव बिहिया नगर के वार्ड संख्या तीन ,अस्पताल रोड का निवासी है। उसके पास से एक देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किया गया है। एसपी राज की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई है।

इसे लेकर आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी की गई है। करीब पांच साल पूर्व यानी 2020 में पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई थी। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद वह जमानत पर निकलकर बाहर आया था।

दो केस में फरार चल रहा था अपराधी

वर्तमान में दो केस में फरार चल रहा था। इधर, पुन: संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता की शिकायत पर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार एवं पुलिस टीम ने पुन: छापेमारी कर पुराने हिस्ट्रीशीटर को पकड़ा है। तलाशी में पिस्टल और कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस फाइलों में दानी वर्ष 2008 से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है। अकेले बिहिया थाना में उसके विरुद्ध करीब 22 आपराधिक मामले मिले है।