CM हेमंत सोरेन बोले : “छात्रों की बात, छात्रों के साथ”, पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

CM हेमंत सोरेन बोले : “छात्रों की बात, छात्रों के साथ”, पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

CM हेमंत सोरेन ने एक पोस्ट जारी कहा है कि पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, मेरा हमेशा से यह विश्वास रहा है कि संवाद से ही सुधार आते हैं और संवाद आपकी भागीदारी के बिना अधूरा है। झारखंड के लाखों युवाओं के सपने हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जब कोई छात्र वर्षों तक मेहनत करता है, तो उसके साथ केवल उसका भविष्य ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। इसलिए शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष, विश्वसनीय और समयबद्ध बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।

रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को अपेक्षित मजबूती नहीं मिल सकी

सोरेन ने कहा, सभी जानते हैं कि वर्षों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आयोग और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को अपेक्षित मजबूती नहीं मिल सकी। हमारी सरकार ने समस्याओं से मुंह मोड़ने के बजाय उन्हें स्वीकार किया और एक-एक कर सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाने शुरू किए। राज्य गठन के बाद पहली बार हमारी सरकार ने JPSC और अन्य भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए नई नियमावली तैयार की। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं पर कठोर रोक लगाने के उद्देश्य से सख्त कानूनी व्यवस्था भी लागू की गई। यह कानून झारखंड के युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए बनाया गया। उस समय इस पर अनेक प्रकार की आलोचनाएँ भी हुईं, लेकिन हमारा विश्वास था और आज भी है कि ईमानदार विद्यार्थियों के हित सर्वोपरि हैं।