आरा तनिष्क लूटकांड में देश के सबसे बड़े गोल्डेन चोर का हाथ

नालंदा निवासी सुबोध सिंह सोना लूट का देश का सबसे बड़ा मास्टर माइंड और गैंगस्टर बताया जाता है।

आरा तनिष्क लूटकांड में देश के सबसे बड़े गोल्डेन चोर का हाथ

बिहार:आरा के चर्चित तनिष्क शोरूम लूटकांड में देश के सबसे बड़े गोल्डन थीफ कहे जाने वाले सुबोध सिंह का भी हाथ रहा है। रिमांड पर लिये गये वैशाली निवासी चंदन कुमार उर्फ प्रिंस से पूछताछ में पुलिस को इसके संकेत मिले हैं। चंदन उर्फ प्रिंस के अनुसार जेल में बंद सुबोध सिंह ने उसे लूट कांड के लिए अपराधियों को जुटाने का जिम्मा दिया था। इसके लिए उसे सुबोध सिंह की ओर से 30 लाख रुपये का पैकेज दिया गया था। इधर, रिमांड पर लिए गए चंदन कुमार उर्फ प्रिंस, शेरू सिंह सूरज मंडल और गौतम सहित आठों अपराधियों को बुधवार की शाम जेल भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार चंदन कुमार उर्फ प्रिंस ने बताया कि उसने सुबोध सिंह के कहने पर तनिष्क शोरूम लूट के लिए अपराधियों को हायर किया था। इसके लिए उसे सुबोध सिंह की ओर से 30 लाख का पैकेज दिया गया था।

हालांकि उसके अनुसार तनिष्क लूट कांड का मुख्य मास्टर माइंड अररिया निवासी चुनमुन झा था। चंदन कुमार उर्फ प्रिंस के अनुसार वह जेल में रहने के दौरान सुबोध सिंह से संपर्क में आया था। दस मार्च को लूट के बाद मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार सारण निवासी कुणाल कुमार और विशाल कुमार ने पूछताछ में वैशाली निवासी चंदन कुमार उर्फ प्रिंस के इशारे पर लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी।