तिलक से एक दिन पहले दूल्हा अरेस्ट

तिलक से एक दिन पहले दूल्हा अरेस्ट

डेस्कः
औरंगाबाद के रफीगंज थाना क्षेत्र में तिलक से एक दिन पहले पुलिस ने दूल्हे और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। दोनों पर गांव के ही अजय सिंह(50) की हत्या आरोप है। आरोपियों की पहचान रूपेश कुमार और संटू कुमार के तौर पर हुई। घटना बीबीपुर गांव की है।
जानकारी के मुताबिक रूपेश की शादी होनी थी। सोमवार को उसका तिलक थ। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। शादी समारोह में आने वाले मेहमानों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए घर के बाहर एक शौचालय बनाया जा रहा था।
शुक्रवार को अजय सिंह और संटू के साथ ट्रैक्टर से सेप्टिक टैंक खरीदने गए थे। देर रात दोनों घर लौट गए, लेकिन अजय सिंह नहीं पहुंचे। शनिवार सुबह पेवर ब्लॉक प्लांट के पास शव मिला था। घटनास्थल से आरोपी का चप्पल और गमछा मिला था।
एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। एसआईटी और जिला आसूचना इकाई की टीम ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर 12 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि औरंगाबाद से लौटते समय अजय सिंह ट्रैक्टर के नीचे गिर गई। जिससे उनकी मौत हो गई। डर से शव को प्लांट के पास छिपा दिया। भ्रम फैलाने के लिए मृतक के गले में तीन गमछा लपेट दिया था।