महिला ने 2 बेटियों संग खाई जहर

डेस्क
मधेपुरा में पारिवारिक विवाद के चलते महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों संग जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना मुरलीगंज थाना क्षेत्र के बेलोडीह गांव के वार्ड संख्या-4 की है। मृतकों की पहचान राजेश राम की पत्नी चंदन देवी (26) और उसकी बेटी रागिनी कुमारी (5) और निधि कुमारी (3) के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका के ससुराल वाले काफी गरीब हैं। दूसरे के खेतों में मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। रविवार को पति-पत्नी किसी दूसरे के खेत में गेहूं काटने के लिए गए थे। खेत में ही दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद चंदन देवी घर चली गई। पहले अपनी दोनों बेटियों को जहर खिलाया, फिर खुद भी जहर खा लिया।
कुछ देर बाद जब पति मजदूरी कर घर आया, तो उसे पूरे मामले की जानकारी मिली। ग्रामीण डॉक्टर के पास तीनों को ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता प्रमोद राम ने बताया कि 2019 में चंदन और राजेश की शादी हुई थी। शादी के कुछ साल बाद से ही दोनों में झगड़ा होना शुरू हो गया था। आए दिन दोनों छोटी-छोटी बातों पर लड़ते रहते थे। एक बार विवाद ज्यादा बढ़ने पर अपनी बेटी को अपने साथ लेकर चला गया। उसकी दोनों बेटी को उसके पति के हवाले करके।
लेकिन कुछ दिन बाद मुखिया और राजेश के आग्रह करने पर चंदन वापस ससुराल आ गई थी। मुखिया ने आश्वासन दिया था कि अब दोनों के बीच झगड़ा नहीं होगा। मुखिया कि बात पर भरोसा करके और अपनी दोनों नातिन का मुंह देखकर मैंने उसे आने दिया था। किसी को आशंका नहीं था कि यह विवाद इतना गंभीर रूप ले सकता है।
सास-ससुर भी करते थे झगड़ा
उन्होंने बताया कि चंदन कहती थी कि सास-ससुर भी अक्सर झगड़ा करते थे। घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पति को हिरासत में ले लिया है। सास और ननद फरार है।
मुरलीगंज थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से छानबीन कर रही है।