बक्सर में मनोज तिवारी के काफिले पर हमला, RJD समर्थकों पर लगाया आरोप
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच प्रचार के लिए बक्सर के डुमरांव पहुँचे बीजेपी सांसद और स्टार प्रचारक मनोज तिवारी के रोड शो के दौरान बवाल की खबर है। मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि राजद समर्थकों ने उनके काफिले पर हमला किया, गाड़ियों पर डंडों से वार किए और अभद्र नारेबाजी की। उनका आरोप है कि जब उन्होंने राजद के गुंडों की हरकत का विरोध किया तो उन्हें कुचलने का भी प्रयास हुआ।
बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच एक बड़ी खबर आ रही है कि बीते शनिवार को बक्सर जिले के डुमरांव में भाजपा सांसद मनोज तिवारी के रोड शो के दौरान कथित RJD समर्थकों ने उनके काफिले पर हमला कर दिया है। मनोज तिवारी ने राजद के समर्थकों पर आरोप लगाया है कि हमलावरों ने गाड़ियों पर डंडे बरसाए, गाली-गलौज की, RJD का झंडा लगाने की कोशिश की और वाहनों को तोड़ डालने का प्रयास किया गया। उन्होंने घटना को लेकर कहा कि यह लोकतंत्र पर हमला है और चुनाव आयोग को तत्काल सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
मनोज तिवारी ने मीडिया से बातचीत के दौरान इसकी जानकारी देते हुए कहा, "हमने डुमरांव में रोड शो किया था, शुरुआत में कुछ लोग नारेबाजी करने लगे। पहले हमारी हूटिंग की गई और फिर हमारे वाहन पर आरजेडी का झंडा लगाने की कोशिश की गई, जब हमने इसका विरोध किया तो उन्होंने हमारे ऊपर हमला करने की कोशिश की और गाड़ियों को घेर लिया।स्थिति इतनी खराब हो गई कि ड्राइवरों को गाड़ियां तेजी से निकालनी पड़ीं। हमने सोचा कि कहीं मोकामा जैसी स्थिति न बन जाए, इसलिए हमने तुरंत वहां से निकलने का निर्देश दिया लेकिन उन लोगों ने हमारी गाड़ियों पर डंडे बरसाए और शीशे तोड़ने की कोशिश की।"









