20 दिन पहले रची गई सुरभि हत्याकांड की साजिश, पति ने गर्लफ्रेंड, भाई और हॉस्पिटल स्टाफ के साथ किया मर्डर

डेस्कः
पटना के एशिया हॉस्पिटल की डायरेक्टर सुरभि राज हत्याकांड का मंगलवार को खुलासा हो गया है। पुलिस के अनुसार सुरभि के पति राकेश रौशन उर्फ चंदन (34) ने मर्डर की साजिश रची थी।
अस्पताल की 30 साल की HR अलका से राकेश का अफेयर चल रहा था। अलका शादीशुदा है पर उसका ब्रेकअप हाे गया है। सुरभि अलका और राकेश के अफेयर का विरोध करती थी। बताया जाता है कि विरोध को लेकर ही सुरभि की हत्या की गई। हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए राकेश ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी काे 20 दिन पहले ही बंद करा दिया था।
पुलिस काे घटना की सूचना दाे घंटे के बाद दी गई थी। घटनास्थल से खून काे स्टाफ व सफाईकर्मी ने पुलिस के आने से पहले साफ करा दिया था। घटना हुई ताे पति अस्पताल के पास ही था।पुलिस ने इस मामले में अब तक पति समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पटना SSP अवकाश कुमार ने बताया-
हॉस्पिटल की HR अलका और राकेश रौशन के बीच अफेयर चल रहा था। इसे लेकर रौशन का सुरभि के साथ पिछले डेढ़ महीने से विवाद चल रहा था। 3 दिन की जांच के बाद रौशन समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनका नार्को टेस्ट भी कराया जाएगा। इसके लिए कोर्ट से अनुमति मांगी जाएगी। इन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ होगी। साजिश रचने और सबूत मिटाने में रौशन और मसूद का रोल अहम है।
SSP ने आगे बताया-
हमारे पास पर्याप्त सबूत है। लेकिन साजिश रचने को लेकर कई और सवालों का जवाब जानना है। इसलिए सबसे पहले मसूद का नार्को टेस्ट कराने की अपील कोर्ट से करेंगे। सुरभि की हत्या उस दिन डेढ़ से सवा 2 बजे के बीच हुई थी। हत्या के वक्त पति मौके पर नहीं था, लेकिन देवर समेत बाकी के 4 लोग मौके पर मौजूद थे।
इन 5 लोगों की हुई है गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस ने एशिया अस्पताल की HR अलका (28), सुरभि राज के पति राकेश रोशन उर्फ चंदन (34), रमेश कुमार उर्फ अतुल कुमार (27), अनिल कुमार (30) ,मसूद आलम (34) को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को सभी को कोर्ट में पेश किया गया।
राकेश और महिला स्टाप पहले दूसरे अस्पताल में थे
राकेश और महिला स्टाफ पहले दूसरे अस्पताल में थे, तब से था दोनों में संबंध था। राकेश और सुरभि की शादी 2018 में हुई थी। दोनों का प्रेम-विवाह हुआ था। उनके दाे बेटे हैं। राकेश पहले न्यू बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में फोर्थ ग्रेड कर्मी था। अलका भी वहीं काम करती थी। तब से दोनों का अफेयर चल रहा था। 2020 में राकेश और सुरभि ने एशिया अस्पताल खोला।
मर्डर से पहले मारपीट भी की गई
अपराधियों ने सुरभि राज को 6 गोलियां मारी थीं। सुरभि चेहरा सूजा हुआ था। मर्डर से पहले उनके साथ मारपीट भी की गई थी। सुरभि के पिता राजेश सिन्हा ने मर्डर को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पिता ने हॉस्पिटल स्टाफ के शामिल होने का शक जताया था। राकेश रौशन 3 भाई है। पुलिस ने बड़े और छोटे को गिरफ्तार किया है। मंझला भाई मुन्ना प्रॉपर्टी डीलर है।
पति राकेश रौशन फोर्थ ग्रेड कर्मचारी से हॉस्पिटल मालिक बना
5 साल पहले तक सुरभि राज का पति राकेश बाईपास के एक हॉस्पिटल में फोर्थ ग्रेड कर्मचारी था। सरकारी मेडिकल स्कीम में सेटिंग करके अस्पताल को करोड़ों रुपए का मुनाफा देने लगा। हॉस्पिटल लॉबी में पकड़ मजबूत होती चली गई। बाद में अपना हॉस्पिटल खोल लिया। राकेश रियल एस्टेट के धंधे में भी शामिल है।
ससुर से राकेश ने कहा- सुरभि बेहोश हो गई है
सुरभि के पिता राजेश सिन्हा ने बताया, '11 बजे बच्चे-हस्बैंड के साथ निकली थी। मैं 2 बजे घर से निकला था। 3:19 बजे दामाद का कॉल आया। सुरभि बेहोश हो गई है। मैं दौड़ा आया। हाथ में बैग था। मैं गिर गया और मेरा हाथ भी टूट गया। उस समय गोली का पता नहीं चला था।
'आधे घंटे बाद बोलते हैं कि सिर से छर्रा निकल रहा है। मुझे पता चला कि 6 गोलियां मारी गई हैं। किसी पर कोई शक नहीं है। मुझे लग रहा कि प्री प्लांड मर्डर है। दामाद से कुछ लोगों का विवाद चल रहा था। यहां के डॉक्टर्स से विवाद था। 2017 में शादी हुई थी।'