भोजपुर में कुएं में गिरने से बुजुर्ग की मौत, कुंआ पर बैठकर भूंजा खा रहे थे

डेस्कः
भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के भीमपट्टी गांव में कुएं में गिरकर भूंजा खा रहे बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना को लेकर लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। जानकारी के अनुसार मृतक बिहिया थाना क्षेत्र के भीमपट्टी वार्ड नंबर 2 निवासी स्व.सहती यादव के 80 वर्षीय पुत्र केदार यादव है एवं पैसे से किसान थे।
मृतक बुजुर्ग के नाती वकील यादव ने बताया कि वह कुएं के कोने पर बैठकर भूंजा खा रहे थे। भूंजा खाने के बाद जब वह अपने गमछा को झाड़ रहे थे। उसी दौरान वह असंतुलित होकर कुएं में गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। कुछ देर बीत जाने के बाद जब गांव के बच्चे कुएं के पास गए और कुएं में झांक कर देखा तो वह कुएं में गिरे पड़े थे।
जिसके बाद बच्चों द्वारा शोर मचाना शुरू किया गया। शोर मचाने की आवाज सुनकर परिजन वहां पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से उनके शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके पश्चात पर उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी।
सूचना पाकर स्थानीय थाना मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया। बताया जाता है कि मृतक अपने तीन भाई व तीन बहन में बड़े थे। उनके परिवार में दो पुत्र लालजी यादव व सुरेश यादव एवं एक पुत्री चंद्रावती देवी हैं। मृतक की पत्नी व एक बेटे की मृत्यु कुछ वर्ष पहले हो गई थी। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।