तेजस्वी बोले- सदन में मेरी मां को इशारा करते हैं मुख्यमंत्री, वीडियो निकलवाऊंगा जिसमें राबड़ी देवी की बिंदी पर इशारा किया

तेजस्वी बोले- सदन में मेरी मां को इशारा करते हैं मुख्यमंत्री, वीडियो निकलवाऊंगा जिसमें राबड़ी देवी की बिंदी पर इशारा किया

डेस्कः
बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के 9वें दिन बुधवार को सदन में खूब हंगामा हुआ। विधानसभा के बाहर पूर्व CM राबड़ी देवी ने कहा- 'CM नीतीश कुमार भंगेड़ी हैं, वो विधानसभा में भांग खाकर आते हैं और महिलाओं का अपमान करते हैं।' तेजस्वी ने भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा- 'नीतीश सदन में बैठते हैं तो तरह-तरह के इशारे करते हैं। राबड़ी देवी बिंदी लगाती हैं तो मुख्यमंत्री इशारा करते हैं। मैं सदन से वो वीडियो निकलवाऊंगा, जिसमें वो राबड़ी देवी की बिंदी पर इशारा कर रहे हैं। इसके पहले शीला मंडल की बिंदी पर भी उन्होंने इशारा किया था।' नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा- 'डरपोक मुख्यमंत्री हैं। सरकार बदलती है तो इस्तीफा देते हैं। मैंने कभी इस्तीफा नहीं दिया। उन्होंने इस्तीफा दिया। सबसे जयादा विधायक होने के बावजूद हमने कभी राज्यपाल को जाकर इस्तीफा नहीं सौंपा। उनके दिन लद चुके हैं। उन्हें आश्रम खोलकर प्रवचन करना चाहिए। मुझे नहीं लगता वो बिहार चलाने लायक बचे हैं।'


सदन में नीतीश और राबड़ी में हुई तीखी बहस
इससे पहले विधान परिषद में राबड़ी देवी और CM नीतीश के बीच बहस हुई है। राबड़ी ने कहा- 'बिहार में कोई काम नहीं हो रहा है।' इस बयान पर मुख्यमंत्री भड़क गए। उन्होंने कहा- 'RJD के राज में कोई काम नहीं हुआ।' राबड़ी देवी की तरफ इशारा करते हुए कहा- 'जब इनके पति हट गए, तब इन्हें CM बनाया गया।' नीतीश ने कहा- 'महिलाओं के लिए पहले कोई काम हुआ था। हमने कितना काम किया है। पहले महिलाओं को कोई पढ़ाता था? अब महिलाएं आगे हैं।' 'पांचवीं क्लास तक महिलाएं पढ़ती थीं। आज महिलाएं कितनी आगे हैं। इन लोगों के चक्कर में चली गई हो तो कुछ नहीं जानती हो। पहले पूरी बात जानिए।' इस पर राबड़ी देवी ने कहा- CM नीतीश ने महिलाओं का केवल अपमान किया है। नीतीश कुमार के कान में कुछ लोग फूंकते रहते हैं, इसके बाद नीतीश कुमार महिलाओं का अपमान करते हैं। नीतीश कुमार ने कहा- 'ये लोग गड़बड़ कर रहे थे। इसलिए हमने इनका साथ छोड़ दिया। आप लोग छपवा दीजिए कि हम अब इधर-उधर नहीं होंगे।


तेजस्वी ने मांगा CM नीतीश का इस्तीफा

सदन से बाहर निकले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सीएम नीतीश पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 'बिहार में लॉ-एंड-ऑर्डर खत्म हो चुका है। सरकार कानून बदलवाकर अपराधियों को जेल से बाहर निकाल रही है। नीतीश कुमार ने अपराधियों के आगे सरेंडर कर दिया है।'