उत्तर प्रदेश की नकल बिहार में नहीं चलेगी... झारखंड के मंत्री ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी से कहा- रोकिए बुलडोजर एक्शन
मंत्री इरफान अंसारी ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि झारखंड में उनकी सरकार समाज को जोड़ने की दिशा में काम कर रही है और बिहार में भी ऐसी ही राजनीति की जरूरत है, जो लोगों को जोड़ने का काम करे, न कि तोड़ने का. उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि उत्तर प्रदेश मॉडल की नकल बिहार में नहीं चल सकती, क्योंकि बिहार की जनता ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करती
पटना। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के बेटे के विवाह उपलक्ष्य में दिल्ली में आयोजित रिसेप्शन कार्यक्रम राजनीतिक हलकों में चर्चा में है। इस मौके पर देश की राजनीति से जुड़े कई बड़े चेहरे एक मंच पर नजर आए। अलग-अलग दलों और राज्यों के नेताओं की मौजूदगी ने इस समारोह को महज पारिवारिक आयोजन से आगे बढ़ाकर एक अहम राजनीतिक मेल-मिलाप का अवसर बना दिया। रिसेप्शन में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को झारखंड के कांग्रेसी स्वास्थ्य मंत्री की नसीहत मिली, इरफान अंसारी ने बिहार के उप मुख्यमंत्री से कहा कि बुलडोजर एक्शन रोक दीजिए।
इरफान अंसारी ने इस मुलाकात की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया में साझा की है। एक्स पर लंबा पोस्ट लिख सम्राट को दिए नसीहत के साथ ही एक राजनीतिक संदेश भी दिया। अंसारी ने बताया है कि इस दौरान उन्होंने बिहार में हाल के दिनों में चर्चा में रहे बुलडोजर एक्शन के मुद्दे पर सम्राट चौधरी से बातचीत की।
बिहार में पहली बार सम्राट चौधरी को गृह विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। उनके पास गृह विभाग आते ही राज्य के विभिन्न हिस्सों से बुलडोजर एक्शन की खबरें सामने आ रही हैं।
इन्हीं घटनाओं को लेकर विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच राजनीतिक बहस तेज है। ऐसे में इरफान अंसारी द्वारा सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे पर बातचीत का जिक्र करना राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
इरफान अंसारी ने एक्स पर लिखा कि झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार उनके लिए अभिभावक समान हैं और उनके पुत्र के विवाह समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात हुई।
मैंने साफ शब्दों में कहा कि “बुलडोजर की भाषा नहीं, भाईचारे और संवाद की भाषा अपनाइए।” अंसारी ने यह भी कहा कि समाज को जोड़ने का काम राजनीति की मूल जिम्मेदारी होनी चाहिए।









