तमिलनाडु में अगवा हुए झारखंड के छह मजदूर सकुशल बरामद, जल्द लाए जाएंगे वापस

तमिलनाडु में अगवा हुए झारखंड के छह मजदूर सकुशल बरामद, जल्द लाए जाएंगे वापस

डेस्क
झारखंड के जामताड़ा जिले के छह मजदूरों को तमिलनाडु में अगवा कर लिया गया था। अब तमिलनाडु पुलिस ने सभी मजदूरों को सुरक्षित मुक्त करा लिया है। फिलहाल उन्हें सलेम जिले के एक पुलिस थाने में रखा गया है और जल्द ही उन्हें झारखंड लाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज कुमार मेहता ने जानकारी दी कि तमिलनाडु पुलिस ने झारखंड पुलिस से संपर्क कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। सभी मजदूरों को विद्दापाई नामक स्थान से सकुशल रिहा कराया गया है। हालांकि, इस अपहरण की घटना में शामिल आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

इस मामले की जानकारी झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी थी। उन्होंने मुख्यमंत्री, डीजीपी और मुख्य सचिव से हस्तक्षेप करने की अपील की थी। अपहृत मजदूरों की पहचान इरफान अंसारी, जहीर अंसारी, अरबाज अंसारी, किस्मत अंसारी, इरशाद अंसारी और उल्फत अंसारी के रूप में हुई है। अपहरणकर्ताओं ने मजदूरों के परिजनों से फिरौती की मांग की थी, और परिजनों ने 30,000 रुपये भी ट्रांसफर किए थे।

एसपी के अनुसार, मजदूरों को तमिलनाडु काम पर ले जाने वाले एजेंट की पहचान की जा रही है। तमिलनाडु पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। सभी मजदूरों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद झारखंड वापस भेजा जाएगा।