पटना के PMCH में यूट्यूबर मनीष कश्यप से जमकर मारपीट , डॉक्टरों से विवाद के बाद बिगड़ा माहौल
Manish Kashyap News: पटना के पीएमसीएच में यूट्यूबर मनीष कश्यप की पिटाई से हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली. विवाद की जांच जारी है.

PMCH में यूट्यूबर और BJP नेता मनीष कश्यप से सोमवार को डॉक्टर्स ने मारपीट की। पिटाई के बाद उन्हें अस्पताल के ही एक रूम में बंद कर दिया गया है। मोबाइल भी छीन लिया।
3 घंटे बाद मनीष कश्यप PMCH से बाहर निकले। उनके चेहरे पर चोट के निशान दिख रहे थे। वे अपने दोस्त मनी द्विवेदी के साथ कार से निकल गए।
ऐसा बताया जा रहा है कि, मनीष ने डॉक्टरों से माफी मांगी तब जाकर समझौता हुआ। ये भी कहा जा रहा है कि मनीष को छुड़वाने के लिए BJP नेताओं को पैरवी करनी पड़ी।
मनीष खुद किसी मरीज की पैरवी करने उसके साथ अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान वे वहां की गड़बड़ियों को लेकर वीडियो बनाने लगे।
तभी ड्यूटी पर मौजूद महिला डॉक्टर और उनके बीच बहस हो गई। इसके बाद साथी डॉक्टर्स ने मनीष का विरोध कर दिया।
मनीष ने अस्पताल का जो वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड किया था, उसे डाक्टरों ने डिलीट करवा दिया।
PMCH के बाहर जुटे मनीष के समर्थक
कश्यप के साथ मारपीट की खबर लगते ही उनके समर्थक PMCH के बाहर जुट गए थे। पटना सदर की ASP दीक्षा ने बताया- ' अभी किसी की शिकायत नहीं मिली है। धक्का-मुक्की हुई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।'
2024 में जॉइन की थी BJP
मनीष कश्यप ने पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान BJP जॉइन की थी। BJP में शामिल होने के बाद झारखंड और दिल्ली चुनाव में अहम भूमिका निभाई थी। झारखंड चुनाव में उन्होंने प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया था। दिल्ली में BJP सांसद मनोज तिवारी के लिए भी प्रचार कर चुके हैं।
फर्जी वीडियो शेयर करने के मामले में फंसे थे
इससे पहले मनीष कश्यप तमिलनाडु में बिहार के मजदूरों के साथ मारपीट का फर्जी वीडियो शेयर करने के मामले में कश्यप फंसे थे। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने कश्यप के खिलाफ FIR दर्ज की थी।
केस की छापेमारी में कई दिनों तक गिरफ्तारी के डर से बिहार से फरार थे। तलाश में कई जगहों पर पुलिस ने छापेमारी की थी।
बेतिया पुलिस ने 18 मार्च 2023 को दूसरे केस में मनीष के घर की कुर्की जब्ती शुरू की तो उन्होंने शिकारपुर थाने में सरेंडर किया।
उसी दिन EOU की टीम ने तमिलनाडु वाले मामले में कश्यप को हिरासत में ले लिया था। रिमांड पर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया था। दिसंबर 2023 में कोर्ट से जमानत मिली।