गर्ल्स हॉस्टल में लगी आग, 13 लड़कियों का हुआ रेस्क्यू

डेस्कः
पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकारम स्थित पंखुड़ी गर्ल्स हॉस्टल में आग लग गई है। फायर ब्रिगेड की टीम ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जिला अग्निशमन पदाधिकारी मनोज नट भी अपनी पूरी टीम के साथ पहुंचे थे। बिल्डिंग का स्ट्रक्चर G+3 है। जिस फ्लोर में आग लगी थी, उसमें गर्ल्स हॉस्टल चलता है। अग्निशमन के कर्मियों ने लगभग 13 लड़कियों का रेस्क्यू किया। अग्निशमन पदाधिकारी मनोज नट ने बताया कि कोई लड़की दिया जला रही थी, उसी से आग लगी है।दरअसल, रूम में लकड़ी का पार्टीशन देकर केबिन बनाया गया था। उसी में लड़कियां रह रही थीं। जिस वक्त आग लगी उस वक्त सभी लड़की आराम कर रही थी। पूरा अंदर केबिन जल चुका है। कॉपी किताब, बेड जलकर खाक हो गए हैं। वहीं हॉस्टल की छात्रा नेहा कुमारी ने बताया कि एक लड़की दिया जलाकर चली गई थी। उसी दिए से आग लग गई। घटना के वक्त रूम में 15 लकड़ियां थीं। जिला अग्निशमन पदाधिकारी मनोज नट ने बताया कि हाइड्रोलिक, 6 बड़ी गाड़ी आग बुझाने में जुटी थी। अंदर कोई फंसा नहीं है। सबको निकाल लिया गया है। वहीं बुद्धा कॉलोनी के थानेदार सदानंद शाह ने बताया कि थाने को सूचना मिली और थाने के द्वारा फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।