हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो घायल
गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे के कुछ सहयोगी मोटरसाइकिल से गिद्दी थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने पहुंचने वाले हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिएl गिद्दी थाना पुलिस, उरीमारी थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बल के साथv अभियान चलाया गया।
करीब 3:50 बजे पुराना कांटा घर रोड के आसपास पुलिस ने सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान भुरकुंडा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। भागने के दौरान उनकी बाइक गिर गई, जिसके बाद तीनों जंगल की ओर भागे।
पुलिस का दावा है कि जंगल से अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दो व्यक्ति घायल हो गए। घायल आरोपियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है।
वहीं, एक अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल से पुलिस ने दो हथियार, गोलियां, खोखा, पर्चा और मोबाइल फोन बरामद करने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।








