झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र कल से 7 अगस्त तक, आज दिनभर चलेगा बैठकों का दौर

झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र कल से 7 अगस्त तक, आज दिनभर चलेगा बैठकों का दौर

डेस्क
झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र 1 अगस्त (कल) से 7 अगस्त 2025 तक आयोजित किया जाएगा। सत्र के दौरान कुल पांच कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं। इस बीच राज्य सरकार की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला अनुपूरक बजट 4 अगस्त को सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, सरकार की ओर से कुछ महत्वपूर्ण विधेयकों को भी सदन में लाने की संभावना है। सत्र के मद्देनज़र सत्तारूढ़ गठबंधन दलों (झामुमो, कांग्रेस, राजद, माले) की विधायक दल की बैठक आज शाम 6 बजे एटीआई में आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी उपस्थित रहेंगे। बैठक में मॉनसून सत्र को प्रभावी रूप से संचालित करने और विपक्ष की रणनीति का जवाब देने को लेकर चर्चा की जाएगी। बैठक से पूर्व कांग्रेस विधायक दल की अलग से बैठक भी संभावित है। 

विपक्ष भी तैयार, एक अगस्त को बीजेपी की रणनीतिक बैठक
वहीं, विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी सत्र को लेकर कमर कस ली है। भाजपा विधायक 1 अगस्त को बैठक कर राज्य सरकार को घेरने की रणनीति तय करेंगे। भाजपा विधि-व्यवस्था, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विकास योजनाओं में अनियमितताओं को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा करने की तैयारी में है। 

संभावित मुद्दे और सत्र की दिशा
मॉनसून सत्र के दौरान सदन में जातीय जनगणना, सरना धर्म कोड, विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम जैसे विषयों पर भी जोरदार चर्चा होने की संभावना है। सत्ता पक्ष इन मुद्दों पर केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा कर सकता है। साथ ही, राष्ट्रीय स्तर के कुछ राजनीतिक मुद्दे भी सदन की कार्यवाही में गूंज सकते हैं।