थैंक यू पाकिस्तान कहने वाले का बिहार से कनेक्शन

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद शुक्रिया पाकिस्तान और शुक्रिया लश्कर-ए-तैयबा कहने वाले मुस्लिम युवक का कनेक्शन बिहार के दरभंगा जिले से है। उसका जन्म स्थान दरभंगा का शोभन गांव है। इसी के मद्देनजर झारखंड पुलिस दरभंगा पहुंची है। झारखंड पुलिस ने मुस्लिम युवक को बोकारो से गिरफ्तार किया था। वह स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड में नौकरी करता है।

थैंक यू पाकिस्तान कहने वाले का बिहार से कनेक्शन

बिहार:पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत पर सोशल मीडिया पर "शुक्रिया पाकिस्तान, शुक्रिया लश्कर-ए-तैयबा। अल्लाह की तुम लोगों पर हमेशा रहमत बरसे। आमीन, आमीन" आदि लिखने वाले गिरफ्तार मो. कासिम उर्फ नौशाद के नेटवर्क को खंगालने के लिए झारखंड की पुलिस दरभंगा पहुंची है।

बता दें कि उसकी गिरफ्तारी झारखंड के बोकारो के बालीडीह थानाक्षेत्र के मिल्लतनगर से हुई है, लेकिन पूछताछ के बाद वह दरभंगा जिले के सिमरी थानाक्षेत्र स्थित शोभन गांव का मूल निवासी पाया गया। उसके पास से बरामद पासपोर्ट में भी जन्म स्थान को पैतृक घर बताया गया है। इस आधार पर ही झारखंड पुलिस दरभंगा पहुंचकर उसके नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

SAIL में नौकरी करता है नौशाद

हालांकि, स्थानीय लोगों ने उसके संबंध में कुछ भी बताने से परहेज किया। उसका घर भी जीर्णशीर्ण अवस्था में पाया गया। लोगों ने बताया कि वह कभी-कभार गांव में आता है। उसके पिता बोकारो बीएसएल से रिटायर्ड कर्मी हैं। वह पिता के साथ बोकारो में ही रहता है और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में नौकरी करता है।
चार सितंबर 1994 में जन्म लेने वाले नौशाद के पासपोर्ट की वैधता 31 जनवरी 2014 से 30 दिसंबर 2024 तक का पाई गई है। जांच-पड़ताल के बाद टीम लौट गई।