JPSC-JSSC प्रकरण पर बनी हाईलेवल कमेटी, 4 मंत्री शामिल; अपर मुख्य सचिव अजय कुमार भी रहेंगे
जेपीएससी-जेएसएससी विवाद को लेकर सरकार की तरफ से एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है. इस कमेटी में राज्य के चार मंत्रीगण शामिल हैं. जिसमें कांग्रेस की तरफ से दीपिका पांडे सिंह, झारखंड मुक्ति मोर्चा की तरफ से चमरा लिंडा और सुदिव्य कुमार सोनू तो वहीं राजद की तरफ से संजय प्रसाद शामिल हैं.
JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलनरत छात्रों से बातचीत करने के लिए हेमंत सोरेन सरकार ने उच्च-स्तरीय कमेटी बनाई है। इस कमेटी में राज्य के 4 मंत्री शामिल हैं। इसमें कांग्रेस की ओर से ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, झामुमो की ओर से उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और समाज कल्याण मंत्री चमरा लिंडा और आरजेडी की तरफ से श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव शामिल हैं। सरकार ने जानकारी दी है कि इस कमेटी की कार्यवाही को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए इसमें मुख्य रूप से अपर मुख्य सचिव अजय कुमार को भी शामिल किया गया है।
बाबूलाल मरांडी ने की छात्रों से मुलाकात
गौरतलब है कि इससे पहले आज सरकार के निर्देश पर एसडीओ और एडीएम लॉ-ऑर्डर ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जाकर छात्रों से बातचीत करने का प्रयास किया था, लेकिन छात्रों की मांग है कि वे खुले मंच पर सरकार से सीधी बातचीत करना चाहते हैं। आज नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी धरनास्थल पर जाकर छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि छात्रों की सभी मांगें जायज है और भारतीय जनता पार्टी उनका समर्थन करती है।








