43 के धोनी के सामने खेलेंगे बिहार के 14 साल के वैभव

43 के धोनी के सामने खेलेंगे बिहार के 14 साल के वैभव

डेस्क
आज बिहार के वैभव सूर्यवंशी IPL के इस सीजन का अपना आखिरी मैच खेलेंगें। राजस्थान रॉयल्स पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। वह आज अपना 14वां मैच CSK के खिलाफ खेलने वाली है।
आज का मैच खास होने वाला है क्योंकि आज ग्राउंड पर IPL के 18वें सीजन के सबसे युवा खिलाड़ी वैभव और सबसे उम्रदराज खिलाड़ी धोनी आमने-सामने होंगे। आज धोनी के खिलाफ युवा बैट्समैन वैभव सूर्यवंशी अपने बल्ले का कमाल दिखाएंगे।
वैभव ने इस सीजन अब तक 219.10 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
पिछले मैच में अर्धशतक बनाने से चुके वैभव
पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ पिछले मैच में वैभव अर्धशतक बनाने से चूक गए थे। उन्होंने 15 बॉल पर 40 रन बनाए थे, जिसमें 4 छक्के और 4 चौके शामिल थे। वहीं, कोलकाता के खिलाफ मैच में वैभव ने चौके के साथ अपना खाता खोला था, लेकिन दूसरे ही बॉल में वो आउट हो गए थे।
वैभव सूर्यवंशी IPL इतिहास में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। इस लेफ्ट हैंड बल्लेबाज को राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा है।
बिहार के वैभव IPL इतिहास में हाफ सेंचुरी और सेंचुरी बनाने वाले सबसे युवा प्लेयर बन गए हैं। वैभव ने चौके से फिफ्टी और छक्के से सेंचुरी पूरी की थी। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में उन्होंने मात्र 35 गेंद में शतक जड़ा था। उन्होंने 11 छक्के और 7 चौकों के साथ अपनी सेंचुरी पूरी की थी।
यह IPL में किसी भी भारतीय खिलाड़ी का सबसे कम गेंद में शतक बनाने का रिकॉर्ड था। इससे पहले यह रिकॉर्ड यूसुफ पठान के नाम था। उन्होंने 2010 में 37 गेंद पर सेंचुरी बनाई थी। वहीं, आईपीएल में वैभव ने दूसरा सबसे तेज शतक लगाया है। पहले नंबर पर क्रिस गेल है जिन्होंने 30 बॉल पर शतक जड़ा था।
वैभव के शतक के बाद उन्हें देश-विदेश के खिलाड़ियों और हस्तियों से बधाई मिल रही थी। सभी ने उनके दमदार परफॉर्मेंस की सराहना की। यहां तक के बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें बधाई देते हुए 10 लाख रुपए के सम्मान राशि की भी घोषणा की थी। वैभव को राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा था।